गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश।
मोठ : खंड विकास अधिकारी मोंठ कुलदीप मिश्रा ने क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों व संबंधित कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गांवों में किसी भी प्रकार की पेयजल समस्या नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं हैंडपंप खराब हैं तो उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए तथा पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से बनाए रखी जाए।
बीडीओ ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ेगी। ऐसे में ग्राम पंचायत स्तर पर पहले से ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पेयजल की अधिक समस्या रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि और कर्मचारी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि गांवों में लगे सभी हैंडपंप और पानी के अन्य स्रोत सही स्थिति में रहें। यदि किसी गांव में पेयजल की समस्या सामने आती है तो उसकी सूचना तत्काल विकास खंड कार्यालय को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही ब्लॉक कार्यालय पर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। जिसके माध्यम से आमजन पेयजल संबंधी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं जिससे उन्हें तुरंत मदद मिलेगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
