उरई
त्योहारों के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम सक्रिय है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने कोंच तहसील के अंतर्गत नदीगांव क्षेत्र में खोया भट्ठियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम घिलोर में हरिसिंह की खोया भट्टी से खोया का नमूना संग्रहीत कर 70 किलोग्राम खोया नष्ट कराया गया। वहीं ग्राम कुरचौली में राहुल शर्मा की खोया भट्टी से नमूना लेते हुए 90 किलोग्राम खोया नष्ट किया गया।
टीम की कार्यवाही की सूचना मिलते ही अन्य खोया भट्ठियों के संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए।
विभाग की फूड सेफ्टी वेन द्वारा नदीगांव बाजार में खाद्य पदार्थों की मिलावट व शुद्धता की जांच के साथ-साथ व्यापारियों और आमजन को जागरूक किया गया। लोगों को निर्देश दिए गए कि खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करें।
संग्रहित नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई असंतोषजनक पाई गई, जिस पर सुधार नोटिस जारी किए गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
विभागीय टीम का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और त्योहारों के दौरान जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण अभियान चलता रहेगा।
इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, महेश प्रसाद, अनिल कुमार शंखवार तथा सुनील कुमार शामिल रहे।
📍 रिपोर्ट – नीरज श्रीवास्तव, पत्रकार, बोहदपुरा
