Home » Uncategorized » खेत की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गांव में शोक की लहर

खेत की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गांव में शोक की लहर

पूंछ। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फतेहपुर स्टेट में बुधवार रात खेत की रखवाली करने गए एक किसान की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान का शव गांव के बाहर खेतों के पास पड़ा मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसान रात में किसी दुर्घटना का शिकार हुआ और पूरी रात ठंड में पड़े रहने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान परिक्षित पाल (40) पुत्र हरबंस पाल निवासी फतेहपुर स्टेट के रूप में की गई है। वह बुधवार रात करीब आठ बजे घर से खेतों की ओर निकला था। जाते समय उसने अपनी पत्नी से कहा था कि वह कुछ देर में लौटकर खाना खाएगा। लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता होने लगी। ग्रामीणों ने भी आसपास खोजबीन की, लेकिन रात में उसका कोई पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह गांव के बाहर खेतों के पास ग्रामीणों ने उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में थाना प्रभारी पूंछ वेद प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि शव पर चोट के हल्के निशान मिले हैं जिससे आशंका है कि मृतक रात में किसी वाहन-भैंस या अन्य पशु से टकराकर गिर पड़ा होगा। ठंड में रातभर पड़े रहने से उसकी मौत हो सकती है। हालांकि, स्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
किसान की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

विकास अग्रवाल

116 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *