Home » Uncategorized » खलिहान की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास, एसडीएम ने दिए जांच व कार्रवाई के निर्देश

खलिहान की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास, एसडीएम ने दिए जांच व कार्रवाई के निर्देश

मोंठ। समथर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बडोखरी में तालाब से सटी सार्वजनिक ग्राम पंचायत की सुरक्षित खलिहान भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। गांव के एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में ग्राम निवासी राकेश गुप्ता एवं कमलेश गुप्ता ने एसडीएम मोंठ से लिखित शिकायत की है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उक्त भूमि पर कई वर्षों से उनके पूर्वज खलिहान लगाते आ रहे हैं। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि स्पष्ट रूप से “खलिहान” के नाम से दर्ज है, जो ग्राम पंचायत की सार्वजनिक संपत्ति है। आरोप है कि गांव के ही एक दबंग व्यक्ति ने गैरकानूनी तरीके से ताकत के बल पर जमीन पर कब्जा कर लिया और नींव खोदकर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया।

जब ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य रोकने का विरोध किया गया तो संबंधित व्यक्ति ने झगड़ा करने और धमकाने का प्रयास किया। इससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मोंठ ने तत्काल तहसीलदार मोंठ एवं संबंधित लेखपाल को मौके पर जांच कर सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को रोकने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों को न्याय की उम्मीद बंधी है।

105 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *