जालौन। कोंच कोतवाली क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला अब सामाजिक के साथ-साथ राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि एक राजनीतिक दल से जुड़े पूर्व पदाधिकारी ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। साथ ही घर में रखी करीब तीन लाख रुपये नकद राशि के भी गायब होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पिता के अनुसार, सोमवार दोपहर युवती बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद यह जानकारी सामने आई कि एक युवक उसे अपने साथ ले गया है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस घटनाक्रम में एक अन्य युवक ने उसकी मदद की।
मामले में तहरीर के आधार पर कोंच कोतवाली पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि युवती की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
घटना सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आरोपी का संबंध एक प्रमुख राजनीतिक दल से बताए जाने के कारण विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी विवादों में रहा है और उसे एक बार संगठन से निष्कासित किया जा चुका था।
दबाव बढ़ने पर संबंधित राजनीतिक दल की ओर से आरोपी को पद से हटाने की बात कही गई है, हालांकि विपक्ष इसे औपचारिक कार्रवाई बता रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और चर्चाओं के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।
वहीं, कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला अब केवल एक परिवार की पीड़ा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर रहा है कि क्या राजनीतिक पहचान कानून से ऊपर है या कानून सबके लिए समान है। आने वाले दिनों में युवती की बरामदगी और जांच के निष्कर्ष इस प्रकरण की दिशा तय करेंगे।
रविकांत द्विवेदी
RK रिपोर्टर, जालौन
