52.60 करोड़ स्वीकृत, भरोसा -छपार-पुलगहना-शाहजहांपुर- बझेरा -खजूरी -मध्यप्रदेश की सीमा तक बनेगी सड़क
सड़क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री से मिले थे गरौठा विधायक जवाहर राजपूत
कई अन्य सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए सरकार ने PWD को जारी की धनराशि
झांसी.उत्तर प्रदेश सरकार ने गरौठा विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी सड़क की सौगात दी है. गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत द्वारा प्रस्तावित सड़कों में मोठ-भांडेर मार्ग के 3 किलोमीटर से भरोसा -छपार-पुलगहना-शाहजहांपुर – बझेरा-खजूरी -मध्यप्रदेश की सीमा तक 16.750 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की मंजूरी देकर धनराशि स्वीकृत कर दी है. इसे टू-लेन सड़क बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को 52.60 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है. इसके आलावा क्षेत्र की कई अन्य सड़कों के निर्माण के लिए भी वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई.
गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को चौड़ा और उच्च स्तरीय गुणवत्ता से बनाये जाने की शासन स्तर पर लगातार पैरवी कर रहे थे. इसी के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में से एक मोठ-भांडेर मार्ग के 3 किलोमीटर से भरोसा -छपार-पुलगहना-शाहजहांपुर – बझेरा -खजूरी -मध्यप्रदेश की सीमा तक बनाये जाने के लिए मंजूरी दे दी है. गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने बताया कि मोंठ भांडेर सड़क खराब हो चुकी थी. इस सड़क को उन्होंने ही झांसी से तत्कालीन BJP सांसद राजेंद्र अग्निहोत्री से अनुरोध कर बनवाया था. यह सिंगल लेन सड़क थी, लेकिन अब इस सड़क को चौड़ा करते हुए टू-लेन बनवाए जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया था. लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से भी वार्ता की. अब मुख्यमंत्री ने मोठ-भांडेर मार्ग के किलोमीटर संख्या तीन से भरोसा – छपार -पुलगहना -शाहजहांपुर – बझेरा -खजूरी -मध्यप्रदेश की सीमा तक 16.750 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 52 करोड़ 60 लाख 68 हजार रुपये स्वीकृत कर दिए हैं. सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग को 10 करोड़ 52 लाख 13 हजार रुपये की धन राशि जारी भी कर दी गई है. गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने बताया कि मोंठ -भांडेर, भरोसा -छपार-पुलगहना-शाहजहांपुर-बझेरा -खजूरी -मध्यप्रदेश की सीमा तक 16.750 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. लोक निर्माण विभाग, लखनऊ की ओर से इसके लिए पत्र जारी कर दिया गया है. विधायक ने बताया कि अन्तर्राज्यीय सीमा पर पड़ने वाली इस सड़क के निर्माण/चौड़ीकरण को एकमुश्त व्यवस्था योजनान्तर्गत पूरा किया जाना है.
मोंठ भांडेर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत को भी धनराशि स्वीकृत
गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने बताया कि पहले बनाई जा चुकी मोंठ भांडेर इंटर स्टेट सड़क का 3 से 4 किलोमीटर हिस्सा जर्जर होने के बाद वहां आवागमन में परेशानी हो रही थी. यहां दुर्घटनाएं होने की जानकारी होने पर इसके लिए शासन स्तर पर जानकारी पहुंचाकर सड़क सुधारे जाने को पत्र सौंपा था. अब इस क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए भेज साढ़े तीन करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं. इस सड़क को PWD जल्द सुधारने का काम शुरू करेगी.
इन सड़कों के निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत
सड़क के आलावा अन्य प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए भी वित्तीय अनुमति के साथ धनराशि जारी कर दी गई है. जिन अन्य प्रमुख सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है उनमें बगौनिया संपर्क मार्ग, बरथरी संपर्क मार्ग, पठा संपर्क मार्ग, सेरसा -पूंछ – धमधोली संपर्क मार्ग, लखनऊ-शिवपुरी मार्ग से गडूका- बकुवा-शाहजहांपुर-खजूरी मध्य प्रदेश सीमा तक, लोहागढ़ सेरसा- सेसा-कोंच पहाड़गा के सेसा आबादी भाग में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य, बरथरी संपर्क मार्ग, बेलमाखुर्द संपर्क मार्ग मरम्मत, साकिन छेवटा आबादी भाग में सीसी सड़क व नाली निर्माण, बड़ोखरी संपर्क मार्ग पर आबादी भाग में सीसी सड़क व नाली निर्माण, उजयानपुरा संपर्क मार्ग में पुलिया निर्माण, ढेरा संपर्क मार्ग मरम्मत कार्य के लिए भी मंजूरी देते हुए लोक निर्माण विभाग को धनराशि आवंटित कर दी गई है. गरौठा विधायक ने कहा कि वह क्षेत्र के अग्रणी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं. बीजेपी की डबल इंजन सरकार भी ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रगति और समृद्धि की सोच के साथ काम कर रही है. हमारी कोशिश इसे साकार करने की है.
