एसपी देहात ने किया पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मोंठ। एसपी देहात डॉक्टर अरविंद कुमार ने सोमवार को कस्बा मोंठ में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पैदल मार्च किया। इस दौरान उनके साथ सीओ मोंठ अजय श्रोतिय और कोतवाल अखिलेश द्विवेदी भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, सब्जी मंडी और प्रमुख चौराहों पर भ्रमण किया। एसपी देहात ने दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस कर्मियों को चौकसी बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की घटना या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि लेनदेन के समय सावधानी बरतें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पैदल मार्च के दौरान लोगों में सुरक्षा का भरोसा और पुलिस के प्रति विश्वास दिखाई दिया।
