Home » Uncategorized » कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण, फाइलें दुरुस्त रखने के निर्देश

कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण, फाइलें दुरुस्त रखने के निर्देश

झांसी, 16 फरवरी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न पटलों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय का गहन अवलोकन करते हुए संचालित कार्यों की समीक्षा की और लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व सहायक राम साहू से कर्मचारियों और अधिकारियों की सेवा पुस्तिका तथा वेतन वृद्धि से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वेतन वृद्धि पत्रावलियां और सेवा पुस्तिकाएं पूर्ण कर सुव्यवस्थित ढंग से रखी जाएं। अलमारियों में रखी फाइलों के रख-रखाव को भी उन्होंने परखा।

जिलाधिकारी ने अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, साफ-सफाई और लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से ली। गार्ड फाइलों का अवलोकन करते हुए उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन और सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और इनके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संग्रह अनुभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरसी पोर्टल का अवलोकन कर राजस्व वसूली से जुड़े मामलों की स्थिति जानी। निर्देश दिए कि आरसी से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

संयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों से जुड़ी महत्वपूर्ण पत्रावलियों की जांच के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और अभिलेखों को नियमानुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर फाइलें आसानी से उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, राकेश खरे, श्रीराम किशोर सहित अन्य अधिकारी और पटल सहायक मौजूद रहे।

25 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *