ओरछा (निवाड़ी):
सरकारी भूमि में हुए करोड़ों रुपए के कथित घोटाले को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के ओरछा आगमन पर काला झंडा दिखाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें ओरछा गेट पर ही रोक लिया, जिसके बाद उन्होंने वहीं नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
भानु सहाय ने आरोप लगाया कि ओरछा में लगभग 233 करोड़ रुपए मूल्य की 186.508 हेक्टेयर सरकारी भूमि को दस्तावेजों में हेराफेरी कर अवैध रूप से बेचा गया है। यह घोटाला अधिकारियों और राजनीतिक संरक्षण में हुआ है।
उन्होंने बताया कि मामले में अपर आयुक्त ने जांच कर 24 जुलाई 2025 को भूमि को पुनः सरकारी दर्ज कर कब्जा लेने का आदेश दिया था तथा 15 दिन में दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई।
सहाय ने कहा कि निवाड़ी एसडीएम द्वारा भूमि को सरकारी दर्ज कर लिया गया है, परंतु दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों की पहचान और कार्रवाई अब तक नहीं हो सकी है।
भानु सहाय ने मुख्यमंत्री से मांग की कि अवैध रूप से बेची गई भूमि का तत्काल भौतिक कब्जा शासन द्वारा लिया जाए तथा दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
