मोंठ। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी देहात डॉक्टर अरविंद कुमार ने गुरुवार को कस्बा मोंठ में पैदल मार्च किया। उनके साथ सीओ मोंठ अजय श्रोतिय और कोतवाल राजेश पाल सिंह भी मौजूद रहे। टीम ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में सक्रिय पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था और गश्त के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल मार्च के दौरान एसपी देहात ने राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस बल को क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने, रात्रि गश्त को मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पैदल मार्च से कस्बावासियों में सुरक्षा का आश्वासन और विश्वास पैदा हुआ। लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां पुलिस व जनता के बीच भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पुलिस प्रशासन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
