एसआईआर को लेकर उपजिलाधिकारी गरौठा सुनील कुमार का समथर नगर पालिका में औचक निरीक्षण
समथर नगर पालिका में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत उपजिलाधिकारी गरौठा सुनील कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाता सूची में पाई जा रही लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज से संबंधित दस्तावेज सीधे प्राप्त कर ऑनलाइन अपलोड कर रहे हैं। इस व्यवस्था से मतदाताओं को सुनवाई स्थल या कार्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, जिससे समय की बचत के साथ प्रक्रिया भी सरल और पारदर्शी हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के नाम, पते, आयु या अन्य विवरण में त्रुटियां हैं, वे प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक अभिलेख अपने संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं। समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराने से संशोधन कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सकेगा और किसी भी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही न बरतें और प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उपजिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
