मोंठ (झांसी)। मोंठ कस्बा में ईद के पावन अवसर पर रविवार को ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कस्बा निवासी हाजी चांद खां के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह में लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं और सेवइयों की मिठास के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। ऐसे पर्व समाज को जोड़ने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के त्योहार हमें एक-दूसरे के करीब लाते हैं और समाज में सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे की कामना की।
इस दौरान मुश्ताक अहमद (छुन्ना) खान, हाफिज इरशाद, हाफिज मुजीब, फारूक अहमद, बादाम यादव बरथरी, गणेश बाबू, अनवर बेग, फारुख मुल्लाजी, होशियार खान, आशू यादव, राजू खान और आरिफ खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
