मोंठ। सोमवार को कस्बे के आदर्श इंटर कॉलेज में 69वां क्षेत्रीय युवक समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, लंबी कूद और रस्साकशी जैसे खेलों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। निर्णायक मंडल द्वारा विजेताओं का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया। एसडीएम अवनीश तिवारी ने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर तक पहुंचने के लिए निरंतर अभ्यास करने की प्रेरणा दी। विद्यालय प्रधानाचार्य विनोद कुमार अहिरवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता में सुभाष इंटर कॉलेज पूंछ, आदर्श इंटर कालेज मोंठ,
जीआईसी इंटर कॉलेज, खादी ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज भरोसा, महंत रामेश्वर इंटर कॉलेज अमरा, जीआईसी समथर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय कुम्हरार, नगर पालिका समथर, विद्यालय के छात्र शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक गोपाल सिंह यादव ने किया। इस मौके पर खेलकूद क्रीड़ा अध्यक्ष सुनील कुमार, अजय वर्मा, बृजेंद्र प्रताप सिंह, राम रतन पाल, सहित अनेक अध्यापक और छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
मर्दुल पांडे मोंठ
