नगर पालिका की EO मैडम पर गंभीर आरोप
जालौन:० कोंच में कड़ाके की ठंड से राहत के लिए जलाए जाने वाले अलाव अब विवाद की वजह बनते नजर आ रहे हैं। कोंच नगर क्षेत्र में अलाव व्यवस्था को लेकर उठी ‘चिंगारी’ अब सीधे SDM कार्यालय तक पहुंच गई है। ठिठुरन भरी ठंड के बीच अलाव न जलने या नाममात्र की व्यवस्था से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा अलाव के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। कई प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और रिहायशी इलाकों में या तो अलाव जलाए ही नहीं गए, या फिर कुछ देर जलाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई।
इस पूरे मामले में नगर पालिका की EO मैडम निशाने पर आ गई हैं। आरोप है कि अलाव व्यवस्था के लिए आए बजट का सही उपयोग नहीं किया गया। इसी को लेकर आज शिकायतकर्ताओं ने SDM कोंच ज्योति सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कड़ाके की ठंड में गरीब, मजदूर, राहगीर और रिक्शा चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
अब देखना होगा कि SDM स्तर पर इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और नगर पालिका की कार्यशैली पर कोई ठोस कदम उठाया जाता है या नहीं। फिलहाल ठंड के बीच गरमाया यह मुद्दा आने वाले दिनों में कही बड़े बवाल का रूप ले सकता है।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन
