अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी ने किया कलमकारों को सम्मानित, संगठन विस्तार पर दिया जोर
कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी के लिए सर्वोपरि, प्रत्येक कार्यकर्ता ही हमारी ताकत :० रोहित राठौर
कोंच (जालौन)। अपना दल (सोनेलाल) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोहित राठौर ने कोंच नगर में रेलवे स्टेशन के सामने आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कलमकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन की आगामी रणनीति और जिले में पार्टी विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत गांव-गांव संपर्क कार्यक्रम, सदस्यता अभियान और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों और शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोहित राठौर ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकार और समावेशी विकास की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा। साथ ही आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिले में संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर समर्थन व्यक्त किया।
इस अवसर पर किसान मंच के जिलाध्यक्ष रामकुमार खैरई, माधौगढ़ विधानसभा अध्यक्ष राहुल भदौरिया, शुगर सिंह पटेल, लाल सिंह बगिया, रामबाबू कुशवाहा, पिया निरंजनपुर, सोनू गढ़िया, प्रदीप कुशवाहा सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️
