मोठ- कोतवाली मोठ पुलिस डकैती के एक मामले में नामजद आरोपी अनिल यादव उर्फ अनिल मामा को झांसी जिला कारागार से पुलिस रिमांड पर लेकर सोमवार को मोठ कस्बा पहुंची। अनिल मामा को कस्बे में लाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कस्बे में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।
अनिल मामा से पूछताछ को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर और सतर्क नजर आया। सर्किल क्षेत्र के सभी थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया, जिससे सुरक्षा घेरा और अधिक मजबूत किया जा सके। मुख्य मार्गों, चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। कस्बे में पुलिस की सख्ती और चौकसी के चलते आमजन में शांति व्यवस्था बनी रही और किसी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था नहीं फैल सकी।
कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अनिल मामा से डकैती की घटना को लेकर गहन पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान घटना में प्रयुक्त सामान की बरामदगी, अन्य सहयोगियों की पहचान तथा वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाने पर विशेष ध्यान दिया गया। पूछताछ के दौरान हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर जानकारी एकत्र की जा रही है।
कोतवाल राजेश पाल सिंह ने बताया कि अनिल मामा के आवास से डकैती की घटना से संबंधित ₹5000 की नगद धनराशि बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच विधिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाई जा रही है और रिमांड के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम के दौरान कस्बे में शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह से कायम रही।
